प्रतापगढ़ में राजस्थान क्षत्रिय कुमावत युवाशक्ति समिति ने समाज की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला अध्यक्ष आनंद कुमावत के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के पीए को दिया गया। समिति ने ज्ञापन में स्थापत्य कला बोर्ड के पुनर्गठन की मांग प्रमुखता से उठाई। समाज प्रतिनिधियों का कहना है कि कुमावत समाज की ऐतिहासिक शिल्पकला, स्थापत्य परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए बोर्ड को सक्रिय किया जाना जरूरी है। समिति ने यह भी मांग की कि बोर्ड में जल्द अध्यक्ष की नियुक्ति कर उसके कार्यों को प्रभावी ढंग से शुरू किया जाए, ताकि समाज से जुड़े मुद्दों का समाधान हो सके। ज्ञापन में आगामी जातीय जनगणना में कुमावत समाज के लिए पृथक कॉलम निर्धारित करने की मांग भी रखी गई। समिति का कहना है कि इससे समाज की वास्तविक जनसंख्या, सामाजिक स्थिति और विकास से जुड़े आंकड़े स्पष्ट रूप से सामने आ सकेंगे। सरकार को आंदोलन की चेतावनी जिला अध्यक्ष आनंद कुमावत ने कहा कि कुमावत समाज की अपनी स्वतंत्र पहचान और परंपरा है। उन्होंने कहा कि समाज अब अपने अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो प्रदेशभर में जिला स्तर पर उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे। साथ ही आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में समाज एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज कराएगा। इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष एवं संरक्षक भंवरलाल कुमावत, प्रतापगढ़ जिला अध्यक्ष किशनलाल कुमावत, मानकलाल कुमावत, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष ईश्वरलाल कुमावत सहित गोपाल कुमावत, भानु प्रताप कुमावत, देवकीनंदन कुमावत, मनोहरलाल कुमावत, अर्जुन कुमावत, हरिओम कुमावत, कंवरलाल कुमावत, जवाहरलाल कुमावत, पारस कुमावत और आनंद कुमावत दलोंट समेत बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।