प्रतापगढ़ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एडीजे सुंदरलाल खारोल ने आमजन में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाने की बात कही। अभियान में नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और जनहित के विभिन्न विषयों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाएगा। सड़क सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का उद्देश्य इसके अतिरिक्त, स्कूली वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस प्रमाण-पत्र की समीक्षा, उचित रखरखाव और चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। एडीजे खारोल ने राष्ट्रीय लोक अदालत, जन उपयोगी सेवाओं से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान और बेसहारा पशुओं के संरक्षण जैसे विषयों पर भी जनजागरूकता बढ़ाने की बात कही। उन्होंने मीडिया से इन जनहित अभियानों को लोगों तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की, ताकि समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़े और जिम्मेदार नागरिक संस्कृति का विकास हो सके।