प्रतापगढ़ में 80 लाख रुपए का लोन दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 19 हजार 330 रुपए की ठगी हुई है। रंठाजना थाना पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। काजलीखेड़ा निवासी सुखलाल पाटीदार (40) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दिसंबर में फुलेरा, जयपुर के सुरजनारायण सैनी ने 80 लाख रुपए का लोन दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने उनसे आधार, पैन कार्ड, आईटीआर, बैंक स्टेटमेंट और प्रॉपर्टी के दस्तावेज लिए थे। लोन मंजूर होने की बात कहकर आरोपी ने फाइल लॉग-इन और स्टाम्प ड्यूटी के नाम पर पैसे मांगे। पीड़ित ने फोन-पे से 1 लाख 89 हजार 330 रुपए और 30 हजार रुपए नकद दिए। कुल 2 लाख 19 हजार 330 रुपए ठगे गए। लोन खाते में नहीं आने पर पीड़ित ने संपर्क किया। आरोपी ने ठगी कबूली और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट और तकनीकी सबूतों से आरोपी को जयपुर-किशनगढ़ हाईवे के एक ढाबे से पकड़ा। पूछताछ में उसने ठगी करना स्वीकार किया।