प्रतापगढ़-मंदसौर मार्ग पर बुधवार को हथुनिया थाना क्षेत्र की हथुनिया चौकी के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों की मदद की मौके पर मौजूद लोगों ने बताया- एक अपाचे और एक स्पोर्ट्स बाइक के बीच भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। दोनों घायलों को पहुंचाया अस्पताल सूचना पर 108 एम्बुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। एम्बुलेंस कर्मियों ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ पहुंचाया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सक निगरानी कर रहे हैं। हथुनिया थाने के जांच अधिकारी मनोहर सिंह ने बताया-पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आमने-सामने की टक्कर को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। घायलों से घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। एक घायल की पहचान रशीद मोहम्मद (61) निवासी बजरंगगढ़ के रूप में हुई है, जबकि दूसरे घायल की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।