प्रतापगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत एमडी फैक्ट्री मामले में फरार चल रहे आरोपी सोहेल खान (26) को गिरफ्तार किया है। सोहेल खान प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र का निवासी है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन में अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में की गई। यह मामला 1 फरवरी 2026 का है, जब प्रतापगढ़ पुलिस ने वॉटर वर्क्स रोड स्थित एक किराना स्टोर और अनाज गोदाम की आड़ में चल रही एमडी फैक्ट्री पर छापा मारा था। पुलिस ने मौके से 106 ग्राम एमडी, 114 किलो 750 ग्राम लिक्विड केमिकल और एमडी बनाने का अन्य सामान जब्त किया था। 13 आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार इस मामले में एमडी फैक्ट्री के मास्टरमाइंड श्रेयास उर्फ यश मोगरा (23) सहित कुल 13 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। सोहेल खान एमडी की खरीद-फरोख्त के आरोप में फरार चल रहा था। पुलिस अब सोहेल खान से एमडी की खरीद-फरोख्त के संबंध में आगे की पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी श्रेयास उर्फ यश मोगरा अपने जीएसटी नंबर का उपयोग कर मुंबई, चेन्नई, वडोदरा, राजकोट, इंदौर और उदयपुर जैसे शहरों से एमडी बनाने के लिए आवश्यक रसायन ऑनलाइन और ऑफलाइन मंगवाता था। वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अखेपुर, हिम्मतसिंह का गढ़, पालोदा और बांसवाड़ा जिले के ओडा में विभिन्न स्थानों पर एमडी बनाता था। बाद में, उसने प्रतापगढ़ शहर के व्यस्ततम वॉटर वर्क्स रोड पर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एमडी बनाने का एक बड़ा सेटअप स्थापित किया था, जिसे पुलिस ने सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया था।