प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 615 ग्राम अफीम जब्त की है। पीपलखूंट थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई में अफीम ले जा रहे आरोपी रघुनाथ लबाना को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की है। यह कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और पीपलखूंट पुलिस उप अधीक्षक दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई की। थानाधिकारी एवं डीएसटी प्रभारी उप निरीक्षक गिरिराज के नेतृत्व में पुलिस टीम कड़बलिया तिराहे पर सीओ कार्यालय के पास नाकाबंदी कर रही थी। पुलिस को देखकर बाइक घुमाने लगा आरोपी नाकाबंदी के दौरान काले रंग की बिना नंबर की होंडा एसपी 125 मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति पुलिस को देखकर बाइक घुमाकर वापस जाने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। आरोपी ने अपनी पहचान रघुनाथ लबाना पुत्र अमृतराम लबाना, निवासी सिद्धपुरा, जिला प्रतापगढ़ के रूप में बताई। पुलिस ने तलाशी ली तो उसके पास से 615 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने अफीम और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, तस्करी के नेटवर्क की जांच पुलिस ने पीपलखूंट थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब अफीम की खरीद-फरोख्त, सप्लाई और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।