प्रतापगढ़ में नशा तस्करों और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन का बुलडोजर अभियान जारी है। इसी कड़ी में अरनोद थाना क्षेत्र के नौगांवा में हिस्ट्रीशीटर जरीन खान के अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। जरीन खान और उसके तीनों बेटों पर मादक पदार्थ तस्करी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों बेटे मादक पदार्थ तस्करी में आरोपी अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया-जरीन खान अरनोद थाने का हिस्ट्रीशीटर और कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या सहित एक दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हत्या के एक मामले में सजायाफ्ता भी है। उसके तीनों बेटे शाहरुख, अरबाज और सलमान भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में आरोपी हैं। पुलिस के अनुसार, जरीन खान ने नौगांवा में चारागाह भूमि पर लगभग दो हजार वर्गफीट क्षेत्र में अवैध रूप से मकान बना रखा था। प्रशासन ने पहले ही अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद आज पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अतिरिक्त पुलिस बल किया तैनात कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में छह पुलिस थानों के जाब्ते के साथ रिजर्व पुलिस लाइन का अतिरिक्त बल तैनात किया गया। यह पूरी कार्रवाई अरनोद तहसीलदार नितिन मेरावत के निर्देशन में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों और अपराधियों द्वारा खड़ी की गई अवैध संपत्तियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पिछले एक महीने में प्रतापगढ़ जिले में पुलिस और प्रशासन ने तस्करों तथा कुख्यात अपराधियों के खिलाफ पांच बुलडोजर कार्रवाई कर करोड़ों रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया है। इन लगातार हो रही कार्रवाइयों से अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों में खौफ का माहौल है।