प्रतापगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में एक साल से फरार चल रहे आरोपी फरीद खान को हिरासत में लिया है। अरनोद थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी को गुजरात पुलिस को सौंप दिया गया है। गुजरात पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ पकड़ा था मामला 5 अगस्त 2023 का है, जब गुजरात की स्टेट मॉनिटरिंग सेल, गांधीनगर ने जावेद भाई मेवाती और पंकज भाई से अवैध मादक पदार्थ जब्त किए थे। जब्त किए गए मादक पदार्थों में 117 ग्राम 690 मिलीग्राम एम.डी. और 49 ग्राम 860 मिलीग्राम हशीश शामिल थी। देवल्दी से हिरासत में लिया जांच के दौरान इस मामले में फरीद खान पुत्र सलीम पठान निवासी अरनोद, जिला प्रतापगढ़ की संलिप्तता सामने आई थी। गुजरात की स्टेट मॉनिटरिंग सेल ने फरीद खान की गिरफ्तारी के लिए देवल्दी स्थित उसके घर और अन्य ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन वह फरार रहा। अरनोद थाना पुलिस ने भी कई बार उसके घर पर दबिश दी थी, पर वह नहीं मिला। हाल ही में मिली सूचना के आधार पर अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी फरीद खान को देवल्दी से हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे स्टेट मॉनिटरिंग सेल, गांधीनगर, गुजरात को सुपुर्द कर दिया गया।