प्रतापगढ़ जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। रठांजना थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक जीप से अवैध देशी और अंग्रेजी शराब के चार कार्टन जब्त किए हैं। इस दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। साथ ही तस्करी में काम में ली गई जीप को जब्त किया है। पेट्रोल पंप के आगे की नाकाबंदी थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर भुवासिया पेट्रोल पंप के आगे नाकाबंदी की गई। इस दौरान भुवासिया से कामलिया की ओर आ रही एक महिंद्रा मेजर जीप को रोकने का प्रयास किया गया। जीप चालक ने वाहन छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान जितेंद्र कुमार (28) पुत्र जगदीश मीणा, निवासी सोहनपुर, थाना प्रतापगढ़ के रूप में बताई। पुलिस ने जब्त शराब और वाहन के साथ आरोपी जितेंद्र कुमार के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।