प्रतापगढ़ में जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कोटड़ी निवासी बादशाह खान की करीब 81 लाख 60 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति फ्रीज करवाई है। इसमें कोटड़ी स्थित मकान और दो बाइक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित कमाई से ये संपत्तियां खरीदी थीं। सक्षम प्राधिकारी ने फ्रीजिंग आदेश को स्थायी किया यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग के मार्गदर्शन में की गई। कोटड़ी थाना प्रभारी ठाकराराम ने संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव तैयार किया था। संबंधित दस्तावेज केंद्र सरकार के सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (एफओपी) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजे गए थे। पुलिस के मुताबिक, सक्षम प्राधिकारी ने 28 अक्टूबर 2026 को सुनवाई के बाद फ्रीजिंग आदेश को मंजूरी देकर स्थायी कर दिया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर बोर्ड लगाए और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सूचना दी। मिनी ट्रक से 136 किलो डोडाचूरा पकड़ा था पुलिस के अनुसार, 1 फरवरी 2023 को अरनोद थाना पुलिस ने गांव शोली में एक सफेद मिनी ट्रक-टेम्पो से छह काली कट्टियों में भरा 136 किलो अफीम डोडाचूरा जब्त किया था। इस संबंध में प्रकरण संख्या 25/2023 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान बादशाह खान की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 29 के तहत अपराध प्रमाणित पाया। इस मामले में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था। मकान और दो मोटरसाइकिल की कीमत 81.60 लाख रुपए पुलिस की वित्तीय जांच में कोटड़ी में पट्टा संख्या 09 और 48 की आबादी भूमि पर बने मकान का पता चला। इसके अलावा करीब 60 हजार रुपए कीमत की हीरो स्प्लेंडर और करीब एक लाख रुपए कीमत की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी फ्रीज की गई हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी संपत्तियों की कुल अनुमानित बाजार कीमत 81.60 लाख रुपए है। आरोपी के खिलाफ NDPS के 5 मामले दर्ज पुलिस के अनुसार, बादशाह खान के खिलाफ पिंडवाड़ा, अरनोद सहित राजस्थान के अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी से कथित रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।