प्रतापगढ़ में गुरुवार को 77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सरमोनियल परेड आयोजित की गई और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। सीएलजी सदस्यों को मिले प्रशंसा पत्र समारोह में पुलिस और प्रशासन को सहयोग देने वाले सीएलजी सदस्यों, ग्राम रक्षकों और सुरक्षा सखियों को भी प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। यह आयोजन पुलिस बल के समर्पण और सामुदायिक सहयोग को रेखांकित करता है। 16 अप्रैल 1949 को हुई थी स्थापना बता दें कि राजस्थान पुलिस की स्थापना 16 अप्रैल 1949 को हुई थी। तब से प्रत्येक वर्ष 16 अप्रैल को स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस उपलक्ष्य में जिलेभर के पुलिस थानों और चौकियों पर पौधारोपण, स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परेड की सलामी जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने ली। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, जिले के समस्त वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी, संचित निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन महेंद्र सिंह पुनि सहित जिला पुलिस और महाराणा प्रताप बटालियन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, सीएलजी सदस्य और गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुलिस के ध्येय वाक्य “आमजन में विश्वास, अपराधियों में डर” को सार्थक बनाने के लिए प्रेरित किया। पुलिसकर्मियों के मेधावी स्टूडेंट्स को मिला सम्मान समारोह में जिला पुलिस के 32 अधिकारी-कर्मचारियों और महाराणा प्रताप बटालियन के 6 जवानों को सर्वोत्तम, अति उत्तम और उत्तम सेवा चिन्ह के साथ प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस और प्रशासन के कार्यों में सहयोग करने वाले सीएलजी, ग्राम रक्षक और सुरक्षा सखियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न पुलिस थानों में स्कूली बच्चों को थाना भ्रमण करवाकर पुलिस की कार्यप्रणाली, साइबर अपराध और बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।