प्रतापगढ़ में सोमवार शाम धमोतर दरवाजे के पास रुई मशीन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में देवर-भाभी गंभीर रूप से झुलस गए। महिला को प्राथमिक इलाज के बाद उदयपुर रेफर किया गया है। यह घटना शाम करीब 6:30 बजे हुई। आग की चपेट में आने वालों में धमोतर दरवाजा निवासी समा मंसूरी (35), पत्नी मोईन, और नारू, पिता मोहम्मद हनीफ, शामिल हैं। समा मंसूरी 60 प्रतिशत से अधिक झुलस गई हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों घायलों को तुरंत प्रतापगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद समा मंसूरी को उदयपुर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर नगर परिषद की दमकल टीम, जिसमें वाहन चालक विष्णु मीणा, फायरमैन जितेंद्र पोसवाल, कांतिलाल बलात, शांतिलाल चारपोटा, संग्राम मीणा और सावन चनाल शामिल थे, मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जमा हो गई।