प्रतापगढ़ के सुहागपुरा क्षेत्र के पास गांव मोटीखेड़ी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में मंगलवार को 12 छात्राओं को निशुल्क साइकिल बांटी गईं। यह वितरण राज्य सरकार की बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी मोहम्मद यूनुस शेख ने की। इसमें निवर्तमान सरपंच आशाराम निनामा मुख्य अतिथि रहे, जबकि प्रशासक लक्ष्मी देवी, वार्ड पंच कारूलाल मीणा और समाजसेवी मुकेश मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। छात्राओं को स्कूल पहुंचने में मिलेगी सुविधा इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि आशाराम निनामा ने अपने संबोधन में कहा-नि:शुल्क साइकिल वितरण से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने अभिभावकों और ग्रामीणों से बालिकाओं की शिक्षा जारी रखने और उसे बढ़ावा देने का आह्वान किया। संस्था प्रधान मोहम्मद यूनुस शेख ने राज्य सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं जैसे लाड़ो योजना, इंदिरा प्रियदर्शिनी योजना, काली बाई भील स्कूटी योजना, पालनहार, आपकी बेटी, गार्गी पुरस्कार और पद्माक्षी योजना की विस्तृत जानकारी दी, और बालिका शिक्षा पर जोर दिया। 12 छात्राओं को बांटी नि:शुल्क साइकिल वितरण प्रभारी शांतिलाल मीणा ने बताया कि कार्यक्रम में कक्षा नौ की कुल 12 बालिकाओं को साइकिलें प्रदान की गईं। इस दौरान संस्था प्रधान मोहम्मद यूनुस शेख, पुष्पा मीणा, आसुराम निनामा, कंवरलाल मीणा, शांतिलाल मीणा, कलचंद, मदनलाल रैदास, अखिलेश मीणा, रामलाल मीणा, दीपक मीणा और टीना जैन सहित कई ग्रामीण व विद्यालय स्टाफ सदस्य मौजूद थे।