राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन सोमवार को प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित इस परीक्षा में लगभग 9000 अभ्यर्थी शामिल हुए। यह परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई। पहली पारी में सामान्य ज्ञान विषय की परीक्षा हुई, जबकि दूसरी पारी में हिंदी विषय की परीक्षा ली गई। परीक्षा के जिला समन्वयक वीजयेश पंड्या ने बताया कि 17 जुलाई तक चलने वाली इस भर्ती परीक्षा के लिए प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। 22 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई इन व्यवस्थाओं के तहत 22 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। परीक्षा की सतत निगरानी के लिए चार उड़नदस्ता दल भी गठित किए गए हैं। नकल जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो-दो वीडियोग्राफरों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहीं। प्रशासन ने बताया कि भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।