प्रतापगढ़ जिला प्रशासन ने बाल विवाह रोकने के लिए विशेष अभियान फिर से शुरू किया है। अक्षय तृतीया और पीपल पूर्णिमा पर संभावित बाल विवाहों को देखते हुए यह पहल की गई है। इस अभियान के तहत, बाल विवाह की पूर्व सूचना देने वाले व्यक्ति को 1100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा और उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जिला कलेक्टर शुभम चौधरी ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बाल विवाह की रोकथाम से संबंधित पोस्टर का विमोचन करते हुए इस अभियान की जानकारी दी। उन्होंने आमजन से इस पहल में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। यह अभियान जिला प्रशासन प्रतापगढ़ और गायत्री सेवा संस्थान उदयपुर द्वारा संचालित किया जा रहा है। बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक उमेदअली ने बताया कि बाल विवाह की सूचना पुलिस हेल्पलाइन के अलावा 9001841098 और 1098 नंबरों पर भी दी जा सकती है। इस अवसर पर महिला जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन अलायंस और गायत्री सेवा संस्थान द्वारा संचालित एक्सेस टू जस्टिस कार्यक्रम के जिला प्रभारी रामचन्द्र मेघवाल ने भी अपने विचार साझा किए। बैठक में मानव तस्करी विरोधी यूनिट के अधिकारी और गायत्री सेवा संस्थान से अम्बालाल मीणा सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।