अरनोद थाना क्षेत्र के टांडा गांव स्थित श्री रतनगढ़ महावीर मंदिर में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की। चोर मंदिर परिसर में रखी दान पेटी (गुल्लक) तोड़कर उसमें रखी नकदी चुरा ले गए। चोरी का पता रविवार सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और मंदिर समिति के सदस्यों को चला। मौके पर टूटी हुई गुल्लक देखकर क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिनों के अंदर यह क्षेत्र में चोरी की दूसरी घटना है, जिससे ग्रामीणों में दहशत और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सूचना मिलने पर अरनोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश कर रही है। ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से चोरी का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है।