प्रतापगढ़ पुलिस ने घर से बर्तन और घरेलू सामान चोरी करने के मामले में मनीष मोग्या (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चांदी के जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू सामान बरामद किया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। रात में बर्तन बजने की आवाज सुनकर जागा परिवार पुलिस के अनुसार, गजानंद मार्ग निवासी सीमा जैन (28) ने 10 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे उनके घर से बर्तन बजने की आवाज आई। जागकर देखने पर पड़ोसी मनीष मोग्या कट्टों में सामान भरकर ले जाता दिखाई दिया। परिवार के सदस्यों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह मौके से भाग निकला। दो महीने पहले भी चोरी का लगाया आरोप परिवादिया ने रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया कि करीब दो महीने पहले मनीष ने उनके घर से 30 हजार रुपए नकद, 350 ग्राम चांदी की पायजेब और सोने का एक टॉप्स चोरी किया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के बाद आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने 12 अक्टूबर को मनीष मोग्या को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने 9 अक्टूबर को हुई चोरी की वारदात कबूल की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी से चांदी के जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू सामान बरामद किया है। पुलिस मामले में बरामद सामान और पूर्व में हुई कथित चोरी के संबंध में आगे की जांच कर रही है।