भास्कर न्यूज | झालावाड़ निजी शिक्षण संस्थाओं की प्रस्तावित जांच के विरोध में स्कूल शिक्षा परिवार एसएसपी झालावाड़ और प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन के तत्वावधान में निजी स्कूल संचालक एकजुट हो गए। मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र गहलोत, हेमराज पारेता को ज्ञापन सौंपा। 42 बिंदुओं की जांच का विरोध जताया। संगठन के अरुण राठौर, पीयूष बटवानी, उदयभान सिंह, राजेन्द्र शर्मा, अवनींद्र व्यास ने कहा कि कोई भी निजी स्कूल शिक्षा विभाग की 42 बिंदुओं की संबलन जांच में सहयोग नहीं करेगा। स्कूल संचालकों ने कहा कि निजी स्कूल न सरकार से कोई सहायता लेते हैं। न किसी तरह की रियायत। ऐसे में उन्हें स्वतंत्र रूप से विद्यालय संचालित करने का अधिकार मिलना चाहिए। पदाधिकारियों ने कहा कि इस जांच से अनावश्यक दबाव बढ़ेगा। इंस्पेक्टर राज जैसी स्थिति बन सकती है। अनावश्यक जांच की स्थिति में शिक्षण कार्य प्रभावित होगा। बच्चों को नुकसान होगा। संचालकों ने मांग की कि कोई भी जांच टीम किसी निजी स्कूल में पहुंचे तो पहले संगठन को सूचना दी जाए। राजेश शर्मा ने बताया कि शिक्षा संबलन जांच के विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम में डग, मनोहरथाना, सुनेल, पिडावा, खानपुर, अकलेरा, भवानीमंडी, बकानी, झालरापाटन, झालावाड़ क्षेत्र के करीब 350 निजी स्कूलों के संचालक मौजूद रहे।