भंवरगढ़ | कस्बे में स्थित ग्राम पंचायत कार्यालय में गुरुवार को ग्राम सभा आयोजित की गई। जिसमें सरपंच, पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व में चर्चित मनरेगा में घोटाले का मुद्दा छाया रहा। ग्राम पंचायत सचिव व प्रशासक सरपंच प्रेमलता नागर ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से इस मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा जिनके पैसे निकाले गए हैं, उनको पैसे दिलाने के लिए सरकार कोशिश कर रही है। साथ ही ग्रामीणों ने आवास योजना से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा गांव के कई विकास कार्यों पर चर्चा कर प्रस्ताव लिए गए। जिन स्थानों पर मोटर की आवश्यकता है वहां मोटर, जहां हैंडपंप जरूरी है वहां हैंडपंप, जहां सड़क की जरूरत है वहां सड़क निर्माण और जहां पेड़-पौधे लगाने की आवश्यकता है वहां पौधरोपण के प्रस्ताव पारित किए गए। इन सभी प्रस्तावों को ग्राम पंचायत की प्रस्ताव पंजिका में दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों ने पंचायत से विकास कार्यों को जल्द शुरू करवाने की मांग की।