भास्कर न्यूज | भरतपुर नई मंडी क्षेत्र में स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने श्मशान स्थल के पास प्रस्तावित कचरा ट्रांसफर केंद्र को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों ने इस परियोजना को तुरंत रोकने की मांग करते हुए जनआंदोलन छेड़ने का आह्वान किया है। नई मंडी के कृष्ण कुमार सहित अनेक लोगों का कहना है कि यह श्मशान स्थल शहर के चार प्रमुख श्मशानों में से एक है, जहां दूर-दराज की कॉलोनियों से भी लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करने आते हैं। श्मशान स्थल और नई मण्डी की पिछली दीवार के बीच स्थित सरकारी भूमि पर पहले मछली बाजार बनाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन लोगों के विरोध के बाद इसे रद्द कर दिया था। यहां सरकारी कार्यालय बनाने का निर्णय लिया गया, लेकिन अब योजना बदलकर कचरा ट्रांसफर केंद्र बनाने का कार्य गुप्त रूप से शुरू कर दिया है। इस तरह के कचरा केंद्र आमतौर पर शहर से बाहर बनाए जाते हैं।