भास्कर संवाददाता | चूरू पुजारी सेवक महासंघ जिला की ओर से मंगलवार को कलेक्टर अभिषेक सुराणा को ज्ञापन देकर मंदिरों की भूमि को खुर्द-बुर्द किए जाने पर विरोध जताया गया है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राजस्व अधिकारियों ने बिना राजस्व रिकॉर्ड का अवलोकन किए गलत रूप से बिना मूर्ति मंदिरों को व उनके पुजारियों को नोटिस दिए न्यायिक कार्य कर मंदिरों की भूमियों को खुर्द बुर्द करने का कार्य किया है। ज्ञापन में लिखा कि जिले में करीब 999 मंदिर हैं। उनके कागज व खातेदारी में भी काफी भूमि अव्यवस्थित चली आ रही है। इस पर कुछ भूमाफियाओं और असामाजिक तत्वों की नजर बनी हुई है, जिसका पुजारियों की ओर से विरोध किया जाता रहा है। विरोध करने पर पुजारियों पर हमले भी हो चुके है। महासंघ जिलाध्यक्ष महेश बावलिया के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में इस संबंध में जल्द निर्णय लेकर जांच करवाने, भूमाफियाओं व असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने व मंदिरों की भूमि को खुर्द-बुर्द होने से बचाने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में महासंघ जिला संरक्षक वैद्य बनवारीलाल शर्मा, योगेश गौड़, सुरेश सारस्वत, रवि दाधीच, लक्ष्मीकांत ओझा, गुरदास भारती, पूर्णदास, तेजपाल शर्मा, गोविंद प्रसाद शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, महावीर प्रसाद शर्मा, किशनदास आदि शामिल थे।