अजमेर के पुष्कर में तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई मकान के लिए किशनगढ़ में टाइल्स देखकर लौट रहे थे। हादसा बुढ़ा पुष्कर न्यू बाइपास पर बुढ़ा पुष्कर और तिलोरा गांव के बीच मंगलवार दोपहर करीब 2.30 बजे हुआ। निर्माणाधीन मकान के लिए किशनगढ़ टाइल्स देखने गए थे दोनों पुष्कर थाने के ASI छीतर मल वैष्णव ने बताया-मृतकों की पहचान सीकर जिले के रतनपुरा निवासी मुकेश (30) और सुदाना राम (47) के रूप में हुई है। दोनों भाई है। मुकेश और सुदाना राम के एक अन्य भाई प्रकाश चौधरी नागौर के थांवला अस्पताल में डॉक्टर है। थांवला में डॉ. प्रकाश चौधरी के मकान का काम चल रहा है। मुकेश और सुदाना राम बाइक से मकान के लिए किशनगढ़ में टाइल्स देखने गए थे। वहां से वापस लौटते समय बोलेरो ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चकनाचूर हो गई और बोलेरो पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बोलेरो ड्राइवर को लोगों ने पकड़ा, पुलिस के हवाले किया लोगों ने पुष्कर थाना क्षेत्र के बाघोलाई निवासी बोलेरो ड्राइवर रामदेव सिंह रावत को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। साथ ही 108 एंबुलेंस से दोनों भाइयों को पुष्कर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही डॉ. प्रकाश चौधरी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।