पुष्कर नगर परिषद के उपसभापति पद पर भारतीय जनता पार्टी ने कब्जा कर लिया है। वार्ड संख्या 9 की भाजपा पार्षद लक्ष्मी पाराशर ने कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश डोल्या को 14 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। लक्ष्मी पाराशर को कुल 19 वोट मिले, जबकि ओमप्रकाश डोल्या के खाते में पांच मत आए। नगर परिषद के 25 पार्षदों में से 24 ने उपसभापति चुनाव में मतदान किया। निर्दलीय पार्षद हिमांशु कुमावत निर्धारित समय शाम 5 बजे तक मतदान के लिए नहीं पहुंचे। इसके बाद मतदान का समय समाप्त होने पर मतगणना शुरू की गई। परिणाम में भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी पाराशर को 19 और कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश डोल्या को पांच मत मिले। भाजपा के सभी 19 पार्षदों का मिला समर्थन पुष्कर नगर परिषद के 25 सदस्यीय बोर्ड में भाजपा के 19, कांग्रेस के चार और दो निर्दलीय पार्षद हैं। चुनाव परिणाम में भाजपा प्रत्याशी को पार्टी के सभी 19 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के चार पार्षद होने के बावजूद उसके प्रत्याशी ओमप्रकाश डोल्या को पांच वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी को मिले एक अतिरिक्त वोट को लेकर चुनाव के बाद राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मी पाराशर के जीतने पर बधाई दी और इसे नगर परिषद में भाजपा की स्थिति मजबूत होने के तौर पर देखा। कांग्रेस से ओमप्रकाश डोल्या ने भरा नामांकन उपसभापति चुनाव के लिए मंगलवार सुबह भाजपा की ओर से लक्ष्मी पाराशर ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड संख्या 3 के भाजपा पार्षद नरेंद्र पाराशर उनके प्रस्तावक बने। वहीं कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 15 के पार्षद ओमप्रकाश डोल्या ने नामांकन किया। उनके प्रस्तावक वार्ड संख्या 25 के पार्षद जय कुमार वाल्मीकि रहे। वार्ड संख्या 11 की निर्दलीय पार्षद प्रियंका पाराशर ने भी उपसभापति पद के लिए नामांकन फॉर्म लिया था। हालांकि, निर्धारित समय समाप्त होने तक वह नामांकन पत्र जमा नहीं करा सकीं। दोपहर 2 बजे तक किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया, जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया। सभापति और उपसभापति दोनों पद भाजपा के पास इससे पहले पुष्कर नगर परिषद के सभापति पद पर भाजपा के राजेंद्र बाकोलिया उर्फ रोहन निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। उनके चुनाव में कांग्रेस ने समर्थन दिया था। हालांकि, उपसभापति पद को लेकर सहमति नहीं बन सकी और चुनाव की नौबत आई। लक्ष्मी पाराशर की जीत के बाद अब पुष्कर नगर परिषद में सभापति और उपसभापति दोनों पद भाजपा के पास हैं। उपसभापति चुनाव के नतीजे से नगर परिषद के राजनीतिक समीकरण भी चर्चा में आ गए हैं। करीब एक दशक पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा में आई थीं लक्ष्मी पाराशर वार्ड संख्या 9 से भाजपा पार्षद लक्ष्मी पाराशर पुष्कर की स्थानीय राजनीति में सक्रिय हैं। वह करीब एक दशक पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। लक्ष्मी पाराशर को पूर्व सभापति कमल पाठक की करीबी रिश्तेदार के तौर पर भी जाना जाता है।