जोधपुर शहर में एक ही मकान में चौथी बार चोरों ने निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके मकान में चार बार चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक भी चोरों को पकड़ने में नाकामयाब रही है। चोरों का मूवमेंट पास ही में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। घटना राजीव गांधी नगर थाना इलाके में 15 अप्रैल की रात करीब 3:40 बजे की है। पीड़ित ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दी है, जिसके बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। राजीव गांधी नगर थाने में दी रिपोर्ट में मां वैष्णव नगर निवासी जावेद पुत्र मोहम्मद खान ने बताया कि उनके घर पर 15 अप्रैल की रात करीब 3:40 बजे चोरी की घटना हुई। उस समय घर पर कोई नहीं था और परिवार समारोह में शामिल होने गांव गया हुआ था। देखिए, ये PHOTO'S चार बार हो चुकी चोरी चोर घर में घुसकर 4 चांदी के कंगन, एक सोने की अंगूठी और करीब 35 हजार 835 रुपए नकद चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोरों ने मकान में तोड़फोड़ भी की और घर में लगा डीवीआर भी साथ ले गए। चोरों का मूवमेंट पास में ही लगे एक सीसीटीवी में कैद हुआ है, जिसका वीडियो सामने आया है। जावेद का कहना है कि पिछले 5 साल में उनके घर में 4 बार चोरी की वारदात हो चुकी है। लेकिन अब तक किसी भी चोरी के मामले में पुलिस को चोर पकड़ में नहीं आए हैं। पीड़ित की रिपोर्ट पर राजीव गांधी नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक रामनारायण को सौंपी गई है।