रास्ते को लेकर हुए विवाद में एक परिवार के साथ जमकर मारपीट की गई। इस दौरान महिलाओं को जमीन पर घसीटा और जमकर लात घूंसे बरसाए। छत पर खड़े एक युवक ने वीडियो बना लिया। घटना भरतपुर जिले के गढ़ीबाजना थाना क्षेत्र की है। थानाधिकारी श्यामलाल मीना ने बताया- दोपहर 11 बजे सूचना मिली कि एक गांव में दो पक्षों के बीच रास्ते को लेकर झगड़ा हो गया। सूचना पर पुलिस टीम गांव पहुंची और दो घायल महिला और पुरुष को बयाना के उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में पुरूष को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया-गांव में दो पक्षों के बीच रास्ते की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसे लेकर दोनों पक्ष मंगलवार को आमने सामने हो गए। रास्ते को लेकर हुआ था विवाद घायल के भाई ने बताया- गांव में घर से 100 मीटर आगे दो साल पहले नया घर बनवाया था। पुराने घर से नए घर के बीच रास्ते को लेकर दूसरे पक्ष का कहना है कि यह उसका निजी रास्ता है, जबकि रास्ते को लेकर परिवार ने दूसरे पक्ष के परिवार को पैसे दे दिए थे। मंगलवार को सुबह जब उसकी पत्नी नए घर पर जा रही थी। इस पर दूसरे पक्ष के युवक के परिवार ने उसे रास्ते में रोक लिया और वहां से निकलने के लिए मना दिया। इस पर महिला वापस लौट आई और घरवालों को मामले की जानकारी दी। महिलाओं को घसीटकर पीटा थोड़ी देर बाद दूसरे पक्ष के 8-10 लोग घर के बाहर पहुंच गए। इसके बाद सभी ने बहस के करने के साथ परिवार पर हमला शुरू कर दिया। महिलाओं को घर से चबूतरे से घसीटकर मारपीट की। जब मेरा बड़ा भाई उन्हें बचाने आया तो उस पर भी हमला कर दिया। जिससे उसके सिर में चोट लग गई। गांव में तैनात किया पुलिस बल गढ़ीबाजना थाना अधिकारी श्यामलाल ने बताया- पुलिस दोनों पक्षों से मामले की जानकारी जुटा रही है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।