स्प्लिट्सविला फेम अभिनेता दीप्तांशु सैनी फिल्म प्रमोशन के सिलसिले में जयपुर पहुंच गए हैं। वहीं, अब 21 जुलाई को बॉलीवुड अभिनेता राघव जुयाल अपनी आगामी फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' के प्रमोशन के लिए जयपुर आएंगे। उनके साथ अभिनेता एवं कॉमेडियन विकल्प मेहता और अभिनेत्री निहारिका भी मौजूद रहेंगी। मनोरंजन की दुनिया के सितारों की हलचल इन दिनों जयपुर में लगातार बढ़ती जा रही है। एमटीवी के चर्चित रियलिटी शो स्प्लिट्सविला से लोकप्रिय हुए सोशल मीडिया स्टार दीप्तांशु सैनी गुरुवार को जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शहर के एक प्रमुख क्लब में आयोजित विशेष इवेंट में हिस्सा लिया। युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह क्लब इवेंट में दीप्तांशु सैनी के पहुंचते ही युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में फैंस ने उनके साथ सेल्फी ली और तस्वीरें खिंचवाईं। दीप्तांशु ने अपने प्रशंसकों से बातचीत करते हुए अपने स्प्लिट्सविला के सफर, सोशल मीडिया करियर और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जयपुर हमेशा से उनके पसंदीदा शहरों में रहा है और यहां के लोगों का प्यार उन्हें बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित करता है। युवाओं के बीच तेजी से बढ़ी पहचान दीप्तांशु सैनी ने एमटीवी के लोकप्रिय डेटिंग रियलिटी शो स्प्लिट्सविला से देशभर में पहचान बनाई। शो में उनकी पर्सनैलिटी, कॉन्फिडेंस और स्क्रीन प्रेजेंस को काफी पसंद किया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और आज इंस्टाग्राम सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। वे कई फैशन ब्रांड्स, म्यूजिक वीडियो और डिजिटल कैंपेन का भी हिस्सा रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी इमेज एक स्टाइल आइकन और कंटेंट क्रिएटर के रूप में बन चुकी है। 21 जुलाई को जयपुर आएंगे राघव जुयाल दीप्तांशु के बाद अब बॉलीवुड अभिनेता राघव जुयाल भी जयपुर आने वाले हैं। वे 21 जुलाई को अपनी फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' के प्रमोशन के लिए शहर पहुंचेंगे। उनके साथ फिल्म की स्टार कास्ट में शामिल अभिनेता एवं कॉमेडियन विकल्प मेहता और अभिनेत्री निहारिका भी मौजूद रहेंगी। फिल्म की टीम मीडिया से बातचीत करने के साथ-साथ शहर में आयोजित प्रमोशनल इवेंट्स में भी हिस्सा लेगी। डांस से एक्टिंग तक बनाया अलग मुकाम राघव जुयाल भारतीय मनोरंजन जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। अपने अनोखे 'स्लो मोशन डांस स्टाइल' से उन्होंने डांस इंडिया डांस के मंच पर पहचान बनाई और इसके बाद कई डांस रियलिटी शो होस्ट किए। धीरे-धीरे उन्होंने अभिनय की दुनिया में भी कदम रखा और 'किसी का भाई किसी की जान', 'किल', 'युध्रा' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचा। राघव अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और एंकरिंग के लिए भी खासे लोकप्रिय हैं। कॉमेडी के मास्टर हैं विकल्प मेहता फिल्म के साथ जयपुर आने वाले विकल्प मेहता देश के चर्चित कॉमेडियन और मिमिक्री आर्टिस्ट हैं। उन्होंने कई कॉमेडी शोज में अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस से पहचान बनाई। खासतौर पर बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की मिमिक्री के लिए वे पूरे देश में प्रसिद्ध हैं। स्टैंड-अप कॉमेडी और लाइव परफॉर्मेंस के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।