झालावाड़ की रायपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने 1 किलो 92 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक पर गांजा तस्करी कर रहा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। रायपुर थानाधिकारी रमेशचंद मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आसोन्दिया की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार को रोका। तलाशी लेने पर आरोपी राजू (20) पुत्र कंवरलाल धोबी, निवासी हिम्मतगढ़, थाना रायपुर, जिला झालावाड़ के कब्जे से यह अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि आरोपी राजू को तुरंत गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब गांजा की खरीद-फरोख्त और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन अनुसंधान कर रही है। थानाधिकारी रमेश मीणा ने बताया कि आरोपी हिम्मतगढ़ से चवली की तरफ जा रहा था, तभी नाकेबंदी के दौरान उसे पकड़ा गया। इस मामले की आगे की जांच पिड़ावा थानाधिकारी रामपाल यादव को सौंपी गई है।