कोटपूतली के किसानों ने प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के विरोध में बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की दरों को लेकर किसान आगामी 11 मई को शक्ति प्रदर्शन करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन के तहत किसान ग्राम गोनेड़ा से जिला कलेक्ट्रेट तक 101 ट्रैक्टरों के साथ एक विशाल रैली निकालेंगे। रैली का उद्देश्य जिला कलेक्टर को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपना है। किसानों का मुख्य विरोध एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए उपजाऊ जमीन के अधिग्रहण और उसके बदले मिलने वाले मुआवजे की दरों को लेकर है। उनका कहना है कि इस परियोजना से उनकी आजीविका बुरी तरह प्रभावित होगी। किसान महापंचायत के पदाधिकारियों ने तहसील अध्यक्ष हरसहाय तंवर के नेतृत्व में विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान प्रदेश मंत्री सुरेश बिजारणिया और महेश जाखड़ ने ग्राम करवास का दौरा कर किसानों को अभियान में शामिल होने के लिए चर्चा की। इस मौके पर बीरबल, शीशराम, रामेश्वर, कैलाश चौधरी, मूलचंद सूबेदार, रोहिताश जाट, रामचंद्र बोहरा, वीरसिंह जाट, कृष्णा जाट सहित अनेक किसान मौजूद रहे। गौरतलब है कि किसान महापंचायत प्रदेशाध्यक्ष मुरारी लाल यादव के निर्देशानुसार और प्रदेश कार्यकारिणी की सहमति से कोटपूतली-बहरोड़ जिलाध्यक्ष बाबूलाल चौधरी ने ग्राम नांगल चेचिका निवासी हरसहाय तंवर को किसान महापंचायत का कोटपूतली तहसील अध्यक्ष मनोनीत किया है।