राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से खैरथल-तिजारा में "ग्रामीण सेवा शिविर-2026" का आयोजन किया जा रहा है। ये शिविर 15 जुलाई तक चलेंगे। जिला कलेक्टर ने बताया कि इन शिविरों में राजस्व विभाग सहित कुल 22 विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। 14 जुलाई को जिले की आठ ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित होंगे। इनमें उपखंड किशनगढ़बास की ग्राम पंचायत मीरका और झिरंडिया स्थित अटल सेवा केंद्र शामिल हैं। उपखंड कोटकासिम की ग्राम पंचायत जटियाना के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में भी शिविर लगेगा। इसके अलावा, उपखंड तिजारा की ग्राम पंचायत फुल्लावास और चावंडी कलां स्थित अटल सेवा केंद्र, उपखंड टपूकड़ा की ग्राम पंचायत सारेकलां स्थित अटल सेवा केंद्र, तथा उपखंड मुंडावर की ग्राम पंचायत सोरखा कलां एवं बीजावाड़ चौहान स्थित अटल सेवा केंद्रों पर भी ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन की विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। साथ ही, राजस्व प्रकरणों का निस्तारण, पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करना और विभिन्न विभागीय सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना मुख्य उद्देश्य है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को इन शिविरों के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।