चूरू जिले के राजलदेसर में सिमसिया रोड स्थित मुक्तिधाम के पास नगरपालिका द्वारा फिर से कचरा डाले जाने पर क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। इस समस्या को लेकर पार्षद धनपत शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में तत्काल कचरा डालना बंद करने और स्थल की पूरी तरह सफाई करवाने की मांग की गई है। निवासियों का कहना है कि इस कदम से क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ रहा है। पूर्व में प्रशासन ने यहां कचरा डालना बंद कर दिया था। आधुनिक मशीनों का उपयोग करके वर्षों पुराने कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण किया गया था, जिससे खाद बनाई गई और यह क्षेत्र पूरी तरह प्रदूषण मुक्त हो गया था। नगर पालिका की गाड़ियां डाल रही है कचरा हालांकि, अब नगरपालिका की गाड़ियां फिर से यहीं कचरा डाल रही हैं। कचरा स्थल के पास ही श्रीनाथ नगर गौशाला, श्री दण्डी स्वामी जोगेंद्र आश्रम, बाबा भूतनाथ मंदिर और ऐतिहासिक पन्ना सागर सरोवर स्थित हैं। इन धार्मिक स्थलों पर रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। बारिश के मौसम में कचरे का दूषित पानी सरोवर में मिलने से पर्यावरण और मूक पशु-पक्षियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। यह स्थिति क्षेत्र की स्वच्छता और पवित्रता को प्रभावित कर रही है। उग्र आंदोलन की दी चेतावनी पार्षद धनपत शर्मा और तुलसीराम पांडे ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता व स्वच्छता बनाए रखना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि दोबारा कचरा फेंकने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व पालिका अध्यक्ष गोपाल नाई, प्रदीप पांडे, ओम पांडे, भवानी पांडे, मनोज गीवारीया और रामेश्वर कछावा सहित अनेक वार्डवासी मौजूद थे। वार्ड के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कचरा डालना बंद नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।