अलवर जिले के खेड़ली क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सौंखरी गांव निवासी अतर सिंह (28) और वीर सिंह (22) अपने अन्य दोस्तों के साथ धोलागढ़ देवी के दर्शन के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान बसेठ और नूनिया के बीच एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तुरंत उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने वीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं अतर सिंह की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मोर्च्यूरी में रखवाया है, जिसकी पंचनामा कार्यवाई जारी है। वीर सिंह और उसके साथियों ने धौलागढ़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सौंखरी गांव में धर्मार्थ प्याऊ भी लगाई थी। उसके समापन के बाद सभी दोस्त दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने एक राहगीर की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। विक्रम योगी नामक व्यक्ति, जो अपने परिवार के साथ धोलागढ़ देवी के मेले में जा रहा था, उसकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।