कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ​भाजपा सरकार के कार्यकाल में विधानसभा में जनता से ज़ुड़े मुद्दों पर मंत्रियों के जवाब देने से बचने का आरोप लगाते हुए सरकार पर निशाना साधा है। डोटासरा ने सरकार पर विधानसभा को केवल औपचारिकता बनाकर रख देने और विधानसभा की कम बैठकों के लिए जिम्मेदार ठहराया है। डोटासरा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- राजस्थान के 75 साल के इतिहास में आज जनता की आवाज़ सबसे ज़्यादा दबाई जा रही है। आंकड़े गवाह हैं। जन मुद्दों, जवाबदेही और लोकतांत्रिक परंपराओं का जितना दमन भाजपा की भजनलाल सरकार में हुआ है, पहले कभी नहीं हुआ। अब तक सिर्फ 5 सत्र, 84 बैठकें और मात्र 573 घंटे का कामकाज डोटासरा ने भाजपा पर तंज कसते हुए लिखा- आधिकारिक आंकड़े बता रहे हैं कि वर्तमान 16वीं विधानसभा में अब तक सिर्फ 5 सत्र, 84 बैठकें और मात्र 573 घंटे का कामकाज हुआ है, जो अब तक के सबसे कमजोर प्रदर्शन में शामिल है। सरकार सदन में जवाब देने से बचती है- डोटासरा डोटासरा ने आगे लिखा- इस सरकार में जनता के मुद्दों पर चर्चा का मंच संकुचित होता जा रहा है। सदन में अक्सर भाजपा सरकार जन मुद्दों पर जवाब और चर्चा से बचती दिखती है। इस सरकार ने जनता के मंच को केवल औपचारिकता बनाकर रख दिया है। लोकतंत्र को कमजोर करने की ये प्रवृत्ति अत्यंत चिंताजनक है।