राजस्थान की आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाने के लिए जयपुर से आई एक टीम ने ग्राम पंचायत गेहूंखेड़ी का दौरा किया। टीम ने आरोग्य मंदिर में वीडियोग्राफी की और योजना के 18 प्रमुख सूचकांकों के आधार पर जानकारी जुटाई। फिल्म निर्माण के दौरान टीम ने आदर्श आरोग्य मंदिर की प्रभारी डॉ. सोनिका मीना से योजना की कार्यप्रणाली पर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों के स्वास्थ्य सुधार के अनुभवों को भी रिकॉर्ड किया। पिछले छह महीनों से इस अभियान के तहत ग्रामीणों को नशा मुक्ति और स्वच्छ जीवन शैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अब ग्रामीणों को टाइफाइड, मलेरिया, शुगर और बीपी जैसी बीमारियों की जांच गांव में ही निःशुल्क मिल रही है। योजना के तहत प्रशिक्षित आरोग्य सखी और आरोग्य मित्र घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच कर रहे हैं। वे महिलाओं को रसोई में मौजूद मसालों के औषधीय उपयोग और विभिन्न पौधों के महत्व के बारे में विशेष जानकारी दे रहे हैं। इससे गांव में स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आए हैं। प्रत्येक टीकाकरण दिवस पर प्रभारी चिकित्सक महिलाओं को पोषण युक्त खाद्य पदार्थों, रक्ताल्पता (एनीमिया) और बच्चों को स्वस्थ रखने के तरीकों के बारे में बताते हैं। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को लाभदायक योग भी करवाए जाते हैं। साथ ही, सामान्य प्रसव और बुजुर्गों को स्वस्थ रहने के तरीके बताए जा रहे हैं। उपलब्ध औषधीय पौधों और उनके रोगों में प्रभावशीलता की जानकारी भी दी जा रही है। स्कूलों में किशोरियों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है, जिसमें हीमोग्लोबिन की कमी का पता लगाया जाता है। इसके अतिरिक्त स्कूलों में हर सप्ताह नशा मुक्ति के उपाय बताए जाते हैं और नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई जाती है। टीम ने ग्राम पंचायत, स्कूल, नुक्कड़ और चौराहों पर जाकर ग्रामीणों से गांव में हो रहे कार्यों की जानकारी भी ली। एक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और पोषण पखवाड़ा राजस्थान सरकार और आयुष विभाग अजमेर के निर्देश पर आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत ग्राम गेहूंखेड़ी में एक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और पोषण पखवाड़ा मंगलवार को आयुर्वेद, चिकित्सा और शिक्षा विभाग के संयुक्त देखरेख में पोषण पखवाड़े के तहत आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जागरूकता के लिए आने वाली महिलाओं, बच्चों और स्वस्थ जीवन शैली,दिनचर्या , संतुलित आहार, योग,अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान गर्भावस्था के दौरान महिला कैसे स्वस्थ रहे कौन से खाद्य पदार्थ, फल, सब्जियां खाएं कौनसे योग करे ताकि वह और उसका गर्भस्थ शिशु स्वस्थ रहे। इस अवसर पर डॉ. सोनिका मीणा ने आई हुई गर्भवती महिलाओं को पोषण कीट प्रदान किए। इस अवसर पर एएनएम अनीता, आशा नीलू पारेता, ममता राठौड़ भी उपस्थित रही।