बांसवाड़ा के भूंगड़ा थाना क्षेत्र में घर पर अवैध देसी बंदूकें बनाने का काम कर रहे 71 साल के बुजुर्ग को पकड़ा गया है। मियांसा गांव में देर रात की गई दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से एक तैयार देसी बंदूक, एक अधबनी बंदूक, कई बैरल और हथियार बनाने में काम आने वाला सामान बरामद किया। सड़क हादसे में घायल होने के कारण आरोपी खाट पर पड़ा मिला। पुलिस उसे इलाज के लिए पहले घाटोल और फिर बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां पुलिस निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। कार्रवाई पुलिस और डीएसबी की टीम ने संयुक्त रूप से की। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। घर में मिला हथियार बनाने का पूरा सेटअप तलाशी के दौरान पुलिस को घर में अवैध हथियार बनाने का पूरा सेटअप मिला। पुलिस ने एक तैयार देसी बंदूक, चार नई बैरल (नाल), एक पुरानी जंग लगी नाल, एक अर्धनिर्मित बंदूक और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में कच्चा माल व उपकरण जब्त किए हैं। खाट पर घायल मिला आरोपी पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची, तब वह सड़क हादसे में घायल होने के कारण खाट पर पड़ा मिला। थानाधिकारी देवीलाल खटीक ने बताया कि नाथूलाल चार दिन पहले एक दुर्घटना में घायल हो गया था। हादसे में उसकी पसलियों में फ्रैक्चर और पैर में गंभीर चोट आई थी। वह हार्ट और बीपी का मरीज भी है। एमजी अस्पताल में चल रहा इलाज पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पहले घाटोल स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां पल्स रेट अधिक होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। इसके बाद रात करीब 12 बजे उसे बांसवाड़ा के एमजी (महात्मा गांधी) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बरामद हथियारों और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।