बाड़मेर के नागाणा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार रात कैंपर सवार तीन लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवक का लाठी-डंडों के साथ पीछा किया। युवक करीब 3 किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाते हुए जान बचाकर एक घर में जा छिपा, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ कर दी। स्थानीय लोग फायरिंग की बात कह रहे हैं, लेकिन पुलिस ने मौके से ऐसे कोई साक्ष्य मिलने से इनकार किया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर के पास हुई शुरुआत जानकारी के अनुसार, जोगेंद्र उर्फ जोगाराम पुत्र भारूराम पुनिया रात करीब 10 बजे हनुमानजी मंदिर के पास मातासर की किराना दुकान पर सामान ले रहा था। तभी कैंपर में सवार प्रेम पुत्र गणेशराम निवासी मातासर, जोगाराम पुत्र भैराराम निवासी चवा और जेठाराम वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों पिस्तौल और डंडे लेकर जोगेंद्र की ओर बढ़े। इस दौरान जोगेंद्र स्कॉर्पियो स्टार्ट कर वहां से निकल गया। टायर फटने पर घर में छिपा युवक जोगेंद्र स्कॉर्पियो भगाते हुए करीब 3 किलोमीटर दूर भूरटिया गांव पहुंचा। रास्ते में गाड़ी का एक टायर फट गया। इसके बाद उसने स्कॉर्पियो गिरधारीराम के घर के आगे खड़ी की और खुद अंदर जाकर छुप गया। आरोपियों ने उसे गाड़ी में नहीं पाया तो स्कॉर्पियो के आगे, पीछे और साइड के शीशे तोड़ दिए। फायरिंग की चर्चा, पुलिस ने नकारा स्थानीय लोगों का कहना है कि टायर पर फायरिंग की गई थी। हालांकि, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को न तो घटनास्थल पर और न ही गाड़ी में फायरिंग के कोई सबूत मिले। पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।