भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में काणोली चौराहे स्थित जंबो पंजाब ढाबे पर बैठे एक युवक पर दो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के सीने और हाथ पर चोट आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। गाली-गलौज के बाद किया हमला घायल सत्यनारायण उर्फ सत्तू जाट (22) पुत्र हीरा जाट निवासी राजोला ने बताया कि रविवार शाम करीब 4 बजे वह काणोली चौराहे पर स्थित जंबो पंजाब ढाबे पर बैठा हुआ था। इसी दौरान कमलेश जाट, सांवर जाट और उनके साथ 3 से 4 अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट करने लगे। सीने पर किया चाकू से वार सत्यनारायण ने बताया कि मारपीट के दौरान कमलेश जाट ने उस पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसके सीने पर लगा। बचाव करने के दौरान उसके हाथ पर भी चोट आई। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। ट्रॉमा वार्ड में चल रहा इलाज घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को लहूलुहान हालत में भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और ट्रॉमा वार्ड में उसका इलाज जारी है। पुर थाना पुलिस हॉस्पिटल पहुंची और घायल युवक के बयान दर्ज किए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।