​बांसवाड़ा के भुंगड़ा थाना क्षेत्र के खेर डाबरा गांव के पास बुधवार रात एक बाइक सवार युवक की दुर्घटना में मौत हो गई। युवक रात साढ़े 8 बजे घर से कही जाने की कहकर निकला था। हादसा घर से करीब 500 मीटर दूरी पर ही हुआ है। सड़क पर तड़पता रहा युवक ​भूंगड़ा थानाधिकारी देवीलाल ने बताया कि खेर डाबरा निवासी राहुल (25) पुत्र भाणजी अपनी बाइक से जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर काफी देर तक सड़क पर ही तड़पता रहा। वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर जब घायल राहुल पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी। ​सूचना मिलते ही परिजनमौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस को सूचना दी, देरी होने पर युवक की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। ऐसे में परिजनों के पास और कोई रास्ता नहीं बचा और वे जैसे-तैसे राहुल को बाइक पर बीच में बैठाकर महात्मा गांधी अस्पताल लेकर भागे। अस्पताल पहुंचने तक जान जा चुकी थी ​अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी डॉक्टर हरीश चरपोटा ने युवक का परीक्षण किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टर ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। हादसा कैसे हुआ है यह स्पष्ट नहीं है। प्रथम दृष्टया हादसा स्वयं की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से प्रतीत हो रहा है।