अलवर में तेज रफ्तार एक स्कूल बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में नटनी का बारा के पास बुधवार दोपहर 1 बजे हुआ। हादसे में मुकेश कुमार योगी (40) निवासी दुहारचोगान थानागाजी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार- बस ड्राइवर ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। वहीं लोगों और पुलिस ने बाइक सवार को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर बस लेकर भागा परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार- मुकेश अलवर में मजदूरी का काम करता था। वह रोजाना काम के बाद थानागाजी लौटता था। हादसे के दिन भी वह अलवर से अपने घर जा रहा था, तभी दुर्घटना हो गई। मुकेश के तीन बेटे और एक बेटी हैं। उसकी अचानक मौत से घर में कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार- स्कूल बस अलवर से नारायणपुर की ओर स्कूल स्टाफ को छोड़ने जा रही थी। वहीं बाइक सवार मुकेश थानागाजी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बस ने पीछे से टक्कर मार दी और बिना रुके मौके से निकल गया। घायल मुकेश को तुरंत अकबरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान मुकेश ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। अकबरपुर थाने के एएसआई शिवराम ने बताया- शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं फरार बस ड्राइवर की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू की है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।