उदयपुर में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- फिल्म का विरोध कौन करता है, जिसको पोल खुलने का डर हो। विरोध वही कर रहा है, जिसे यह डर है कि फिल्म चलने से पोल खुल जाएगी। राठौड़ ने धुरंधर मूवी का उदाहरण देते हुए कहा कि क्या पोल खुल जाएगी, वो यह बताना चाहते हैं। हिंदुस्तान का एक वित्त मंत्री था, उसने नोट छापने की मशीन का ठेका यूरोप की उस कंपनी को दिया, जो पहले से पाकिस्तान के लिए नोट बनाने की मशीन बना रही थी। उस मशीन को भारत में लाते समय एयर प्लेन की दुबई में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई, जबकि उसमें कोई बम नहीं था। राठौड़ ने कहा- उस धुरंधर मूवी में बताया गया है कि वित्त मंत्री ने वह मशीन की कॉपी पाकिस्तान को दे दी। मैंने यह सदन में भी बोला है। देश में जब मोदी प्रधानमंत्री बने तो वो मशीन ही बेकार कर दी, क्योंकि उन्होंने नोटबंदी कर दी। उदयपुर में दो दिवसीय दौरे के दौरान बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार रात को सुखाड़िया रंगमंच पर बूथ सशक्तीकरण सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को यह कहा। इस दौरान वे महाकाल मंदिर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत देवस्थान विभाग की ओर से आयोजित हुए कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा- राहुल गांधी, सोनिया गांधी, राबर्ट वाड्रा, अरविंद केजरीवाल, लालू यादव समेत कई बड़े जमानत पर बाहर हैं। वो भी आर्थिक अपराध के मामले में, वे किस मुंह से आकर हमें कुछ बोल सकते हैं। महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर मदन राठौड़ ने भगवान महाकाल के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। इस दौरान राठौड़ ने सुखाड़िया रंगमंच पर बूथ सशक्तीकरण सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को कहा- बूथ कार्यकर्ताओं को सिर्फ अपने ही नहीं, पड़ोस में रहने वाले वोटर की भी चिंता करनी चाहिए। उसके हर सुख-दुख में हर संभव मौके पर साथ खड़ा रहना चाहिए। राठौड़ ने कार्यकर्ताओं में जीत का जोश भरते हुए कहा- हम बीजेपी के कार्यकर्ता सिर्फ चुनाव में काम नहीं करते, हम पांच साल हर एक दिन पार्टी हित में काम करना चाहिए, तभी हम सत्ता में रह सकेंगे और राजस्थान में सरकार रिपीट नहीं होने के ट्रेंड को तोड़ सकेंगे। संगठन का सच्चा सिपाही हमेशा पार्टी हित में सोचता है और हम आम आदमी को आर्थिक रूप से मजबूत करना चाहते हैं। केंद्र सरकार ने जो 12 साल में किया, वो कांग्रेस नहीं कर पाई मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार और भजनलाल शर्मा की हर योजना का फायदा अधिकतम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। राठौड़ ने इस मौके पर मोदी सरकार द्वरा की गई जा रही योजनाओं से देशहित में बताया। उन्होंने कहा कि मोदी जो 12 सालों में किया है, वो कांग्रेस सरकार कभी नहीं कर पाई। इस मौके पर सांसद मन्नालाल रावत, विधायक फूलसिंह मीणा, शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ समेत पार्टी से जुड़े पदाधिकारी और पूर्व विधायक भी मंच पर मौजूद थे। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार सुबह ट्रेन से उदयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सर्किट हाउस गए। जहां राठौड़ के साथ पार्टी के बड़े नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठन को लेकर चर्चा हुई। राठौड़ ने सांसद मन्नालाल रावत और शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह के साथ मिलकर महाकाल मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक किया। मंदिर दर्शन के बाद वे सीधे ऋषभदेव के लिए रवाना हो गए। बीजेपी कार्यालय में सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक कल राठौड़ 2 दिन के इस दौरे में कई संगठनात्मक गतिविधियों में शामिल होंगे। ग्रामीण इलाको में चौपाल विकास रथ और बूथ सम्मेलन के जरिए जमीन पर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। मंगलवार को दौरे के दूसरे दिन वे उदयपुर के बीजेपी कार्यालय में सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक लेंगे। इस बैठक के बाद वे दोपहर में पाली रवाना हो जाएंगे।