दौसा में भाजपा का स्थापना दिवस पार्टी कार्यालय में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश और जिला पदाधिकारियों ने झंडारोहण कर की। इस दौरान प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा की जानकारी दी तथा संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। समर्पण और निष्ठा के साथ निभाएं जिम्मेदारी प्रदेश मंत्री ने कहा कि यह दिन केवल एक राजनीतिक दल की स्थापना का नहीं, बल्कि एक विचार, संकल्प और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों को बोझ नहीं समझें, बल्कि समर्पण और निष्ठा के साथ उन्हें निभाएं। जनसंघ के दौर से जुड़ी हैं पार्टी की जड़ें उन्होंने कहा कि पार्टी की जड़ें जनसंघ के उन स्वर्णिम दिनों से जुड़ी हैं, जब पूर्वजों ने देशहित को सर्वोपरि रखते हुए कठिन परिस्थितियों में संगठन को खड़ा किया। आज उसी मेहनत और समर्पण का परिणाम है कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। संगठन की मजबूती ही सबसे बड़ी ताकत जिला संगठन प्रभारी सोमकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्रवाद, सुशासन, विकास और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है। पार्टी का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ता ही इसकी पहचान हैं। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने साझा किए अनुभव इस दौरान जनसंघ काल के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए पार्टी के शुरुआती संघर्षों को याद किया। कार्यक्रम में कई पदाधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, वरिष्ठ नेता जगमोहन मीणा, पूर्व प्रदेश मंत्री नीलम गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रतन तिवाड़ी, घनश्याम बालाहेड़ी, सत्यनारायण सहारा, सिकंदर वधावन, जिला महामंत्री लेखपाल कसाना, विपिन जैन, हरकेश मटलाना सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।