राजस्थान में सत्ताधारी दल के नेताओं और अधिकारियों के बीच विवादों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। धौलपुर और सीकर के बाद अब श्रीगंगानगर में जनसुनवाई के दौरान भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और RUIDP इंजीनियरों के बीच कथित मारपीट और हंगामे ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। जहां कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिसको लेकर अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने अपना पक्ष रखा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा- संगठन स्तर पर पूरे प्रकरण की जांच कर ली गई है और अगले दो से तीन दिनों में इसका समाधान निकाल लिया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस मामले को सम्मानजनक तरीके से सुलझाया जाएगा, जिससे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों-दोनों की गरिमा बनी रहे। संवाद के जरिए समाधान निकालना जरूरी है राठौड़ ने जहां प्रशासनिक अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति गंभीर और तत्पर रहने की सलाह दी, वहीं जनप्रतिनिधियों को भी संयम बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा- किसी भी विवाद को बढ़ाने के बजाय संवाद के जरिए समाधान निकालना जरूरी है, ताकि जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाए। माहौल खराब करने की कोशिश इस घटनाक्रम के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। मदन राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता इस मुद्दे को बेवजह तूल देकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर भी प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष को जिम्मेदारी के साथ बयान देना चाहिए, ताकि प्रदेश में अनावश्यक तनाव न बढ़े। ---- विवाद से जुड़ी ये 3 खबरें भी पढ़िए..