भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने आगामी 21 अप्रैल को पचपदरा में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिफाइनरी शुभारंभ दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला संगठनात्मक बैठक में पार्टी को सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। बुधवार देर शाम भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन की रीति-नीति के अनुरूप समर्पित भाव से कार्य करने, जनसेवा को सर्वोपरि रखने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों में भागीदारी के निर्देश भी दिए। प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान 'राष्ट्र प्रथम' को सर्वोपरि मानते हुए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर जोर दिया। उन्होंने 'चरैवेति' के अनुरूप निरंतर आगे बढ़ने की अपील की और कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी चुनावों में एकजुट होकर पार्टी गतिविधियों में भाग लेने का संकल्प दिलाया। राठौड़ ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की भजनलाल सरकार में विकास की गाथा तीव्र गति से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कांग्रेस सरकारों के दौरान घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई युगांतरकारी परिवर्तन कर स्वर्णिम भारत के निर्माण में अभूतपूर्व कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री 21 अप्रैल को राजस्थान में रिफाइनरी का शुभारंभ करने पचपदरा आ रहे हैं, जिसके लिए कार्यकर्ताओं की जिले से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सरकार की योजनाओं का प्रचार और अंतिम छोर के व्यक्ति को उसका लाभ दिलाना प्राथमिकता रखें। उन्होंने राजस्थान में पांच-पांच साल में सरकार बदलने के मिथक को तोड़ने का आह्वान किया। बताया कि स्थानीय स्तर पर राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, विधायक समाराम गरासिया सहित सभी जनप्रतिनिधि एवं संगठन क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर चिंतन करते है और आमजन के हितों की रक्षा करते हुए विकास के कार्यों में अग्रणी बने हैं। अभूतपूर्व स्वागत हुआ प्रदेश अध्यक्ष का जिला संगठन की ओर से जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा कर और मंचीय कार्यक्रम में इक्कीस किलो की पुष्पमाला पहनाने के साथ स्मृति चिन्ह से स्वागत सत्कार किया गया। बैठक को प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहरसिंह जोधा, राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी, जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी,जिला प्रभारी मनोज सिंघानिया, विधायक समाराम गरासिया आदि वक्ताओं ने संबोधित किया।