पाली जिले के सुमेरपुर में जवाई नहर में गिरे युवक की बॉडी को बुधवार को पुलिस ने गोताखोरों की मदद से निकाला। वह मंगलवार को घर से निकला था इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं था। 4 घंटे की मशक्कत के बाद नहर से उसकी बॉडी निकाली गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम तक घर नहीं लौटा था सुमेरपुर थाने के ASI सज्जनसिंह ने बताया कि कोलीवाड़ा निवासी 35 साल का कानाराम पुत्र हीराराम देवासी मंगलवार को घर से निकला था। इसके बाद देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसे अपने स्तर पर ढूंढा लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। युवक के नहर में कूदने की सूचना मिली थी इधर, सूचना मिली की मंगलवार शाम को फिल्टर प्लांट के सामने PHED की नहर में कोई युवक कूद गया है। इस पर पानी की सप्लाई बंद करवाई। पानी कम होने पर बुधवार को करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने बॉडी नहर से बाहर निकाली। जिसकी पहचान कानाराम देवासी के रूप में हुई। इसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी। पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंपा। घटना को लेकर किसी पर भी परिजनों ने शक जाहिर नहीं किया। कानाराम की शादी नहीं हुई थी।