खैरथल-तिजारा में शादी के एक दिन पहले दुल्हन की मौत हो गई। हल्दी-मेहंदी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दुल्हन की तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टी आई और घबराहट महसूस हुई। वह कमरे में जाकर लेट गई, उसके बाद फिर नहीं उठी। घरवालों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। दरअसल, 23 साल की लक्ष्मी और उसकी चचेरी बहन पलक की आज (बुधवार) को शादी होनी थी। घर में खुशियों का माहौल था। मंगल गीत गाए जा रहे थे, लेकिन अचानक सब कुछ बदल गया। जहां खुशी थी, वहां मातम छा गया। लक्ष्मी के पिता कमलेश ने बताया- मंगलवार रात 8 बजे घर में हल्दी की रस्म चल रही थी। लक्ष्मी कभी बहनों के साथ डांस कर रही थी, तो कभी खुद भी झूम रही थी। हर कोई उसकी खुशी को देख रहा था। कुछ ही देर बाद उसे मेहंदी लगनी थी। इस बीच लक्ष्मी ने घबराहट की बात कही और बोली कि उसे उल्टी आ रही है। तुरंत उसे संभाला, जूस पिलाया और कमरे में लेटा दिया। कुछ देर तक सबको लगा कि वह ठीक हो जाएगी। जब उसकी मां ने उसे उठाने की कोशिश की, तो वह अचेत पड़ी थी। यह देख घर में अफरा-तफरी मच गई। उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आज (बुधवार) मुंडावर के पास भानौत गांव से लक्ष्मी की बारात आने वाली थी। हार्ट अटैक की आशंका लक्ष्मी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी जो बीए फाइनल की स्टूडेंट थी। उसका एक छोटा भाई है। बेटी की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। परिजन हार्ट अटैक की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत का कारण सामने आएगा। …… ये खबर भी पढ़ें… शादी के दिन ही दो दुल्हनों की मौत: सगी बहनों की आज आनी थी बारात, मामा बोले- दोनों भांजी इस रिश्ते से खुश नहीं थी जोधपुर में 21 फरवरी को 2 दुल्हनों की शादी के दिन मौत हो गई थी। रात करीब 12 बजे दोनों दुल्हनों की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें जोधपुर के एक निजी अस्पताल ले गए थे। जहां डॉक्टरों ने दोनों बहनों को मृत घोषित कर दिया था। परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, सूचना पर पुलिस पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवा दिया था। पूरी खबर पढ़ें…