जनगणना 2027 के पहले चरण की तैयारियां डूंगरपुर जिले में शुरू हो गई हैं। जिला प्रशासन और सांख्यिकी विभाग द्वारा जिला मुख्यालय स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आज से प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण 20 से 22 अप्रैल तक चलेगा। इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को मकानों की सूची बनाने, आवास गणना करने और तकनीकी रूप से एचएलओ मोबाइल ऐप का उपयोग करने की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। मास्टर ट्रेनर वैभव पाठक ने बताया कि इस बार की जनगणना में तकनीक का विशेष समावेश किया गया है, जिसके तहत डिजिटल माध्यम से घरों की सूची तैयार की जाएगी। मोबाइल ऐप के माध्यम से मानव बस्तियों की स्थिति, आवासीय कमी और आवश्यकताओं के वास्तविक आंकड़े जुटाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, परिवारों के पास उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और परिसंपत्तियों की जानकारी भी ऐप में दर्ज की जाएगी। जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न होने के बाद, प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स 1 मई से 15 मई तक तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इस चरण में उन्हें फील्ड में जाकर डेटा एकत्र करने की बारीकियां सिखाई जाएंगी। प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के मुखिया से मुलाकात करेंगे और परिवार की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को समझने के लिए 34 प्रमुख सवाल पूछेंगे। इन सवालों से प्राप्त जानकारी ही जनसंख्या गणना का मुख्य ढांचा तैयार करेगी।