उदयपुर के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के सुवेरी गांव में महिला के गले से चेन स्नेचिंग के मामले में खेरवाड़ा पुलिस ने 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास लूट में उपयोग ली गई बाइक जब्त कर सोने की चेन भी बरामद की है। पीड़ित महिला चंपा देवी पत्नी नाथूलाल पटेल निवासी सुवेरी ने दी रिपोर्ट में बताया कि 7 अप्रैल 2026 को दोपहर में वह अपने घर पर अकेली थी। तभी एक बाइक पर आए तीन युवकों ने महिला से पीने का पानी मांगा। इस दौरान महिला ने तीनों को पानी पिलाया। तभी मौका पाकर बदमाशों ने महिला के गले की सोने की चेन तोड़कर लेकर भाग गए। महिला के चिल्लाने पर आसपडोस के लोग आए। तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। दो बदमाशों को जंगल से दबोचा महिला की रिपोर्ट पर खेरवाड़ा थानाधिकारी करनाराम जाट, एएसआई गोविंद सिंह, राकेश मेहता, ताराचंद की अलग–अलग टीमों ने 4 दिनों तक 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस द्वारा मजदूर के हुलिए में उखेड़ी, झांझरी सहित आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश की। इस पर पुलिस ने कनबई, पाटिया, उखेड़ी के जंगलों में घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा। उनसे सख्ती से पूछताछ की तो लूट की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी भाविन कुमार पुत्र शांतिलाल निवासी लक्ष्मणपुरा, पहाड़ा, आशीष उर्फ आशु पुत्र फूला निवासी फुटाला, पहाड़ा को गिरफ्तार किया। वहीं, तीसरे आरोपी मंशाराम पुत्र लक्ष्मण निवासी बिचला फला सरेरा, पहाड़ा को प्रोडक्शन वारंट के तहत गिरफ्तार किया। आरोपी मंशाराम के खिलाफ खेरवाड़ा, पहाड़ा, डूंगरपुर, बिछीवाड़ा, कल्याणपुर आदि थानों में 28 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी आशीष के खिलाफ खेरवाड़ा, पहाड़ा, डूंगरपुर, बिछीवाड़ा, कल्याणपुर, सविना आदि थानों में 9 से ज्यादा लूट आदि के प्रकरण दर्ज है। इनपुट–हितेश जोशी, खेरवाड़ा