राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से मुलाकात की। इस दौरान कमेटी संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव ने कहा- सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए कमेटी लगातार प्रयासरत है। जल्दी ही राजस्थान में क्रिकेट गतिविधियों को और सुचारू और बेहतर बनाएंगे। ताकि प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं जयपुर में मिल सके। जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि राजस्थान क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए मजबूत और आधुनिक खेल ढांचा तैयार किया जाएगा, जिससे उन्हें बेहतर अवसर और सुविधाएं मिल सकें। एडहॉक कमेटी के सदस्यों धनंजय सिंह खींवसर, आशीष तिवाड़ी, अर्जुन बेनीवाल और अरिष्ट सिंघवी ने भी इस दौरान मुख्यमंत्री को राज्य में क्रिकेट गतिविधियों के विस्तार और संगठन को व्यवस्थित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं कमेटी के पदाधिकारियों ने खेल मंत्री राजवर्धन सिंह राठौड़ से मुलाकात कर भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। बता दें कि शनिवार को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन एडहॉक कमेटी की बैठक में IPL, राजस्थान प्रीमियर लीग (RPL) के आयोजन की रूपरेखा, राज्य क्रीड़ा परिषद के साथ तालमेल, राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए अवॉर्ड समारोह आयोजित करने और जयपुर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की प्रगति की समीक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई थी। इसके साथ ही बैठक में जिला क्रिकेट संघों में चल रहे विवादों को लेकर भी कानूनी प्रक्रिया के तहत जल्द सुलझाने का फैसला हुआ। इसी क्रम में हनुमानगढ़ जिला क्रिकेट संघ के मामले में न्यायालय के आदेश के अनुसार वर्तमान कार्यकारिणी को ही संचालन की जिम्मेदारी दी गई है, जिससे वहां की स्थिति अब स्पष्ट हो गई है। वहीं कमेटी ने जिला संघों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता को बढ़ाने के साथ ही वहां मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर को रिडेवलप करने का भी फैसला किया। इसकी जानकारी भी पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री और खेल मंत्री को दी।