सोन देव बंसल की हाल ही में हुई गिरफ्तारी के विरोध में राजस्थान भर के डॉक्टरों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को अलवर जिले में सभी निजी अस्पतालों ने अपनी सेवाएं पूरी तरह बंद रखीं, जिससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के निजी अस्पतालों में ओपीडी से लेकर अन्य सभी सेवाएं बंद रहीं। हालात ऐसे रहे कि जो मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, उन्हें बिना उपचार के ही वापस लौटना पड़ा, क्योंकि अधिकांश डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचे। रिटायर्ड चिकित्सक डॉ. मोहन लाल सिंधी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि नेताओं के पास अरबों रुपये कहां से आते हैं, क्या उन्होंने खेतों में बोए हैं? उनके यहां छापे क्यों नहीं पड़ते, जबकि डॉक्टरों पर कार्रवाई की जा रही है। देखे PHOTOS… वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अलवर अध्यक्ष डॉ. विजयपाल ने बताया कि संबंधित मामले में गठित मेडिकल बोर्ड ने किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही नहीं पाई है। इसके बावजूद आरजीएचएस से जुड़ी कथित छोटी अनियमितताओं के आधार पर एक प्रतिष्ठित डॉक्टर के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करना अनुचित है, जो पूरे डॉक्टर समुदाय के मनोबल को प्रभावित करता है। चिकित्सकों के बीच व्यापक विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विरोध स्वरूप मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक जिले की सभी निजी चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं भी स्थगित रखने का फैसला लिया गया, जिसमें निजी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, पैरामेडिकल सेवाएं और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं