उदयपुर में स्कॉर्पियो से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ती जा रही है। उदयपुर की मावली, खेरोदा और भींडर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ सोमवार रात को तीन जगह अलग-अलग कार्रवाई की। तीनों मामले में एक-एक स्कॉर्पियो कार जब्त की गई। वहीं कुल 1287 किलो डोडा-चूरा जब्त किया गया है। तीनों थानों की पुलिस नाकाबंदी के दौरान तस्करों को पकड़ने में नाकाम रही। तीनों थानों की पुलिस के अनुसार- नाकाबंदी के दौरान तस्करों की कार का पीछा किया था। तस्कर कुछ दूरी पर सुनसान जगह अपनी स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने कार सहित डोडा-चूरा जब्त कर लिया। ये कार्रवाई एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई। पुलिस ने पीछा किया, तस्कर कार सुनसान जगह छोड़कर भागे मावली थानाधिकारी अशोक कुमार ने बताया- नाकाबंदी के दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो (RJ14 UN 9190) कार को रुकने का इशारा किया तो वह गाड़ी भगाने लगा। इस पर टीम ने कार का टायर ब्रस्ट किया तो ड्राइवर स्कॉर्पियो को कच्चे रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर 27 कट्टों में 476 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा मिला। खेरोदा थानाधिकारी सुरेश विश्नोई ने बताया- मेनार पुलिस पर नाकाबंदी के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया तो कार ड्राइवर रॉन्ग साइड में मेनार पुलिया से वाना की तरफ सर्विस रोड पर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए टायर ब्रस्ट किए। इसके बाद तस्कर अपनी कार को सुनसान जगह छोड़कर फरार हो गए। स्कॉर्पियो में से 20 कट्टों में 364 किलोग्राम अफीम डोडा चूरा भरा मिला। भींडर थानाधिकारी मुकेशचंद्र ने बताया- नाकाबंदी के दौरान सलूंबर की तरफ से एक सफेद कलर की स्कॉर्पियो आती दिखी। पुलिस को देखकर कार ड्राइवर गाडी को पहाड़ी क्षेत्र की तफर ले गया। टीम ने पीछा किया। इसके बाद वह इधर-उधर घुमाते हुए कार को नारायणपुरा गांव में श्मशान के पास सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो की जांच की तो उसमें 22 कट्टों में 446 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा मिला।