इंडियन प्रीमियर लीग के आयोजन और जिला क्रिकेट संघों की गुजारिश के बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन एडहॉक कमेटी ने मौजूदा क्रिकेट सत्र में बड़ा बदलाव किया है। इसके बाद अब 11 मई से शुरू होने वाला घरेलू क्रिकेट सत्र 25 मई से शुरू होगा। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन एडहॉक कमेटी के सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने बताया- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले के दौरान घरेलू क्रिकेट सत्र शुरू नहीं करने का आदेश दिया गया था। इसके साथ ही काफी जिला क्रिकेट संघों के पदाधिकारियों ने भी मौजूदा सत्र को कुछ वक्त आगे बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद एडहॉक कमेटी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से राजस्थान के घरेलू क्रिकेट सत्र को दो सप्ताह आगे बढ़ने का फैसला किया है। सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत कॉल्विन शील्ड से होगी अब राजस्थान राज्य घरेलू क्रिकेट सत्र 2026-27 की शुरुआत 25 मई 2026 से सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता कॉल्विन शील्ड के साथ की जाएगी। इसके बाद अलग-अलग आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत 2 जून से सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू होगी। इसके बाद 5 जून से अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता, 20 जून से अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता और 1 जुलाई से अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर के मैचों की संख्या बढ़ाई गई सिंघवी ने बताया- इस बार जिला स्तर पर भी मैचों की संख्या बढ़ाई गई है। प्रत्येक जिले की टीम को 5 से अधिक मैच दिए जाएंगे, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिलेंगे। वे बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। कैंप आयोजित कर खिलाड़ियों की ट्रेनिंग होगी उन्होंने कहा- इस सीजन में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उनके लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा अलग-अलग कैंप आयोजित कर खिलाड़ियों को तकनीकी और पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। आरसीए का मानना है कि जल्दी शुरू होने वाला यह क्रिकेट सीजन राजस्थान के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर साबित होगा। अधिक मैच, बेहतर चयन प्रक्रिया और अभ्यास मुकाबलों के जरिए खिलाड़ियों को मजबूत मंच मिलेगा, जिससे प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को नई दिशा मिल सकेगी।